इन्दौर (ईएमएस) शहर के बदहाल यातायात को सुधारने के लिए यातायात पुलिस द्वारा की जा रही वाहनों को उठाने की कार्रवाई के चलते उस वक्त स्थिति नियंत्रण के बाहर हो गई जब ट्रैफिक पुलिस वकीलों की गाड़ियां उठा यातायात थाने ले गई। मामला जिला कोर्ट परिसर के बाहर का है जहां बेतरतीब खड़े वाहनों को उठाने की कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस ने की। इस दौरान वकीलों और यातायात पुलिस के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ी संख्या में वकील एकत्रित हो यातायात थाने पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया। मामला आज दोपहर करीब डेढ़ बजे। का है जब यातायात विभाग की टीम ने जिला कोर्ट के बाहर खड़े वाहनों को उठाया जिस पर वकीलों ने उनकी गाड़ियां उठाने पर आपत्ति जताई लेकिन यातायात विभाग की टीम गाड़ियां जब्त कर यातायात थाने ले गई जिसके बाद बड़ी संख्या में वकील एकत्रित होकर सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र स्थित यातायात थाने पहुंच गए और कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक यातायात आरक्षक सिकरवार ने एक वकील के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनकी कॉलर पकड़ ली। मौके पर यातायात थाना प्रभारी (टीआई) के मौजूद नहीं होने पर उनसे जब वकील ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो सम्पर्क नहीं हो पाया जिसके बाद अधिवक्ताओं ने यातायात एसीपी को स्थिति से अवगत कराया और एसीपी के हस्तक्षेप के बाद सभी वकीलों के वाहन छोड़ने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई। आनंद पुरोहित/ 27 अप्रैल 2026