पटना, (ईएमएस)। बिहार में अपराध नियंत्रण, नक्सल विरोधी अभियान और संगठित अपराध के खिलाफ राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वर्ष 2026 के शुरुआती चार महीनों में बड़ी सफलता हासिल की है। 1 जनवरी 2026 से 22 अप्रैल 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियानों में एसटीएफ ने सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों अपराधियों को गिरफ्तार किया और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। इस संबंध में पुलिस उप महानिरीक्षक (एसटीएफ) संजय कुमार सिंह ने विस्तृत प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि में कुल 720 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 35 इनामी अपराधी और 18 नक्सली शामिल हैं। इसके अलावा, 2 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया, जो नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि एसटीएफ ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करते हुए 13 मिनी गन फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया। इन छापेमारी अभियानों के दौरान बड़ी संख्या में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिससे अपराधियों के हथियार सप्लाई नेटवर्क को गंभीर झटका लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है और इसके लिए एसटीएफ लगातार तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई कर रही है। आने वाले समय में भी ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे ताकि राज्य में अपराध और नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस