*शशि भूषण दूबे कंचनीय/ मोहम्मद अमीन शेख* मीरजापुर (ईएमएस)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं जिला आयुष समित की बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। आशा और एएनएम के माध्यम से गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और लंबित पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता पर बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी सी0एच0सी0, पी0एच0सी0 पर डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, आमजन को बेहतर और समयबद्ध इलाज मिले, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण सहित अन्य बिन्दुओ पर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बैठक के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण, परिवार कल्याण कार्यक्रम तथा सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से सेवाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने जिला आयुष समिति की बैठक कर बिन्दुवार विस्तृत समीक्षा करते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ सी0एल0 वर्मा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी श्रीकान्त रजक सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें। ईएमएस/मोहने/ 27 अप्रैल 2026