* बाखलवड़ गांव के पास रविवार की छुट्टी बन गई काला दिन, एक साथ चार परिवारों के चिराग बुझ गए राजकोट (ईएमएस)| जिले के जसदण क्षेत्र में रविवार का अवकाश एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना में बदल गया, जब बाखलवड गांव के पास स्थित आलण सागर तालाब में नहाने गए चार किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। जानकारी के अनुसार रविवार की छुट्टी का आनंद लेने और गर्मी से राहत पाने के लिए दोस्ती के मजबूत रिश्ते में बंधे चारों किशोर अपनी-अपनी साइकिल लेकर घर से निकले थे। वे बाखलवड के पास स्थित आलण सागर तालाब पर पहुंचे और किनारे पर साइकिल व कपड़े रखकर पानी में उतर गए। लेकिन उन्हें पानी की गहराई का अंदाज़ा नहीं था, और देखते ही देखते चारों किशोर पानी के तेज बहाव में समा गए। काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब ग्रामीणों ने तालाब किनारे साइकिल और कपड़े लावारिस हालत में देखे, तो शक गहराया और तुरंत इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय तैराक और जसदण फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर चारों किशोरों के शव पानी से बाहर निकाले गए। मृतकों की उम्र 11 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जसदण सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस ने दुर्घटनात्मक मौत का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जैसे ही यह दुखद समाचार परिवारों तक पहुंचा, वहां कोहराम मच गया। राठौड़ परिवार में मातम पसरा हुआ है और घर में चूल्हा तक नहीं जला। एक साथ चार बच्चों की अंतिम यात्रा निकलने से पूरा क्षेत्र शोक और सन्नाटे में डूब गया है। सतीश/27 अप्रैल