:: परिवहन विभाग की सख्ती; नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन स्वामियों पर संभागायुक्त ने लिया एक्शन :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर संभाग में जन सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रीय परिवहन विभाग (आरटीओ) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नियमों का पालन न करने वाली 15 वर्ष से अधिक पुरानी 72 यात्री बसों के स्टेज केरिज परमिट को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई संभागायुक्त एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, इंदौर संभाग डॉ. सुदाम खाड़े के आदेश पर की गई है। आरटीओ इंदौर द्वारा संभाग में संचालित 15 वर्ष से अधिक पुरानी 136 यात्री बसों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे। इन वाहन स्वामियों को अपने परमिट पर अद्यतन मॉडल (नवीन वाहन) की बसें प्रतिस्थापित करने का निर्देश दिया गया था। दरअसल, परमिट जारी करते समय यह शर्त अनिवार्य थी कि किसी भी स्थिति में 15 वर्ष से पुरानी बस का संचालन नहीं किया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद 64 वाहन मालिकों ने तो नियमानुसार नई बसें प्रतिस्थापित कर लीं, लेकिन शेष 72 बस मालिकों ने विभाग के निर्देशों की अनदेखी की। :: जब्ती के लिए पुलिस और स्क्वार्ड अलर्ट :: परमिट निरस्तीकरण के साथ ही, विभाग ने इन 72 बसों की सूची संभाग के समस्त पुलिस अधीक्षकों, जिला परिवहन अधिकारियों और परिवहन सुरक्षा स्क्वार्ड को सौंप दी है। यदि ये बसें अब भी सड़कों पर संचालित पाई जाती हैं, तो उन्हें तुरंत जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। :: निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई :: क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जन सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से पहले भी इसी तरह के नियमों के उल्लंघन में 136 अन्य यात्री बसों के परमिट निरस्त किए जा चुके हैं। संभागायुक्त कार्यालय के अनुसार, पुराने और असुरक्षित वाहनों को सड़कों से हटाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रकाश/27 अप्रैल 2026