राज्य
27-Apr-2026
...


:: महापौर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, तालाब सौंदर्यीकरण व पार्किंग पर रहेगा जोर :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के प्रमुख आस्था केंद्र बिजासन माता मंदिर को अब एक नए और भव्य स्वरूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का दौरा किया और विकास कार्यों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। इस दौरान नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। महापौर ने मंदिर समिति के साथ बैठक कर प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर को बिजासन लोक के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए भूमि चिन्हांकन का कार्य पूरा होने के बाद चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। परियोजना का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर को भव्य और सुव्यवस्थित बनाना है, ताकि नवरात्रि जैसे विशेष पर्वों पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रस्तावित योजना के तहत तालाब का सौंदर्यीकरण, बेहतर आवागमन व्यवस्था और पार्किंग सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी। महापौर ने कहा कि इस परियोजना को लेकर वे जल्द ही मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। यदि आवश्यकता हुई तो मंदिर के विकास के लिए अतिरिक्त भूमि प्राप्त करने के प्रयास भी किए जाएंगे। उनका मानना है कि बिजासन माता मंदिर की धार्मिक गरिमा को बनाए रखते हुए वहां श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटाना निगम की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान महापौर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि विकास कार्य इस प्रकार किए जाएं कि श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी न रहे। मंदिर समिति के सदस्यों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए मंदिर परिसर में सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया। प्रकाश/27 अप्रैल 2026