राज्य
27-Apr-2026
...


पुणे, (ईएमएस)। सोमवार शाम मुंबई से सोलापुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस का एक कोच पुणे स्टेशन के पास पटरी से उतर गया। जानकारी के अनुसार, ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रवाना होकर सोलापुर की ओर जा रही थी, तभी पुणे रेलवे स्टेशन के पास एक कोच पटरी से उतर गया। यह घटना तब हुई जब ट्रेन पुणे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर प्रवेश कर रही थी। अचानक एक डिब्बे के पहिए पटरी से नीचे उतर गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रतिदिन शाम करीब 7.15 बजे पुणे स्टेशन पहुंचने वाली यह ट्रेन सोमवार को भी अपने निर्धारित समय पर आ रही थी। लेकिन प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही यह दुर्घटना हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिब्बे के पहिए पटरी से उतरते हुए साफ दिखाई दिए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक पटरी से उतरे डिब्बे को हटाने और ट्रैक को फिर से चालू करने का काम जारी है। इस घटना के कारण स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। फिलहाल इस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक संबंधी समस्या की आशंका जताई जा रही है। जतिन/संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस