हाथरस (ईएमएस)। मोहल्ला श्रीनगर स्थित पीपल चौक पर सोमवार सुबह एक करीब 3 वर्षीय बच्चा रोता-बिलखता हुआ मिला। पूछने पर वह अपना नाम जीतू बता रहा था, लेकिन पूरा पता नहीं बता पा रहा था।मासूम को रोता देख स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित स्थान पर बैठाया और उसके परिजनों की तलाश शुरू की। आसपास के लोगों ने आपसी सहयोग से जानकारी जुटाने के प्रयास तेज किए।कुछ ही देर में पता चला कि बच्चा अलीगढ़ के एटा चुंगी क्षेत्र का निवासी है और अपनी मां के साथ हाथरस के श्रीनगर मोहल्ले में रिश्तेदारी में आया था, जहां से वह बिछड़ गया।लगातार प्रयासों के बाद बच्चे की मां का पता चल गया और उसे सकुशल मां के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को पाकर मां भावुक हो गई और स्थानीय लोगों का आभार जताया।स्थानीय लोगों की सतर्कता और मानवीय पहल से एक मासूम को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया जा सका, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 27 अप्रैल 2026