28-Apr-2026
...


खुफिया एजेंसियां करेंगी पूछताछ नई दिल्ली(ईएमएस)। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी और कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला को तुर्की से भारत डिपोर्ट कर दिया गया है। आज सुबह एक विशेष विमान के जरिए उसे दिल्ली के टेक्निकल एयरपोर्ट लाया गया, जहां अब भारतीय खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ करेंगी। सलीम डोला को हाल ही में तुर्की के इस्तांबुल में वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा था। वह दुबई और तुर्की जैसे देशों में छिपकर भारतीय युवाओं तक ड्रग्स पहुंचाने का एक बड़ा सिंडिकेट चला रहा था। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक बड़ा ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद डोला को भारत लाने का रास्ता साफ हुआ। दिल्ली में पूछताछ पूरी होने के बाद उसे मुंबई पुलिस या नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंप दिया जाएगा। डोला के तार सीधे तौर पर दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े हैं। वह भारत में ड्रग्स सप्लाई का एक बड़ा चैनल संभाल रहा था और उसे वैश्विक सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क में एक बड़ा खिलाड़ी माना जाता है। जानकारी के मुताबिक, उसका ड्रग सिंडिकेट सालाना 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का काला कारोबार कर रहा था। भारत के कई हिस्सों में डोला की अवैध ड्रग फैक्ट्रियां और लैब पहले ही पकड़ी जा चुकी हैं। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम भी रखा था। सलीम डोला पहले मुंबई और फिर दुबई से अपना पूरा नेटवर्क चला रहा था। भारतीय एजेंसियां पिछले साल से ही उसके करीबियों पर कार्रवाई कर रही हैं। अक्टूबर 2025 में डोला के करीबी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से भारत लाया गया था। नवंबर 2025 में डोला के बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के चार सदस्यों को भी दुबई से लाकर गिरफ्तार किया गया था। इस गिरफ्तारी को ड्रग नेटवर्क पर एक बड़ी चोट माना जा रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/28अप्रैल2026