28-Apr-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। देशभर में सूरज के तीखे तेवर और आसमान से बरसती आग के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर साझा की है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों के लिए आने वाले दिन कुछ राहत भरे हो सकते हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज से लेकर 30 अप्रैल तक मौसम का मिजाज नरम रहने की उम्मीद है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। विभाग ने इस बदलते मौसम के बीच लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी भी दी है, जिसमें तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लेने की सलाह शामिल है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि, अगले 24 घंटों के भीतर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने और आंधी-तूफान आने की प्रबल संभावना है। गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के लिए पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में भी मंगलवार से गुरुवार तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री तक पहुंच चुका है, लेकिन अब धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना से पारा गिरने की उम्मीद है। विशेष रूप से 29 अप्रैल को मौसम में बड़े बदलाव देखे जा सकते हैं। दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। तमिलनाडु के पश्चिमी घाट और तटीय जिलों में छिटपुट बारिश के आसार हैं, जबकि नीलगिरी और कोयंबटूर जैसे इलाकों में 30 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। यहां अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लू का प्रकोप जारी रहेगा। अकोला और नागपुर जैसे शहर भीषण गर्मी की चपेट में बने हुए हैं। मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना जताई है, जबकि पंजाब और हरियाणा में भी तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। बदलते मौसम के मद्देनजर विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सॉकेट से हटाकर रखने, जल निकायों से दूर रहने और कंक्रीट की दीवारों का सहारा न लेने की सिफारिश की गई है। इस संभावित बारिश और आंधी से उत्तर भारत के बड़े हिस्से को चिलचिलाती गर्मी से कुछ समय के लिए निजात मिल सकती है। वीरेंद्र/ईएमएस/28अप्रैल2026