रायगढ़ (ईएमएस)। आईपीएल के दौरान सक्रिय अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 15,490 रुपये नकद और 7 मोबाइल जब्त किए हैं। कोतवाली क्षेत्र के नयागंज कोष्टापारा में सोनू देवांगन (21) को रंगे हाथों पकड़ा गया, जो चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच पर सट्टा चला रहा था। वहीं गद्दी चौक स्थित ए-वन कैफे के संचालक हर्षित देवांगन (24) को भी ऑनलाइन सट्टा संचालित करते गिरफ्तार किया गया। घरघोड़ा क्षेत्र में गोयल ट्रेडिंग दुकान पर छापेमारी कर भरत गोयल (22) को पकड़ा गया, जो मैच की हर गेंद और चौके-छक्के पर दांव लगवा रहा था। उसके पास से आईफोन बरामद हुआ। जय स्तंभ चौक के पास की कार्रवाई में गौतम भोजवानी, लक्ष्मीनारायण सिदार और सागर गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी मिलकर सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे और डिजिटल माध्यम से लेनदेन कर रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026