- भीषण गर्मी में बर्बादी देख ग्रामीण आक्रोशित गुना (ईएमएस)।जिले की बमोरी तहसील में जल संरक्षण के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहाँ बांडिया नाला तालाब की नहर का गेट पिछले 6 महीने से टूटा हुआ है, जिसके कारण लाखों लीटर कीमती पानी रोजाना व्यर्थ बह रहा है। सोमवार, 27 अप्रैल को भी भीषण गर्मी के बीच तालाब से पानी का रिसाव जारी रहा, जिसे लेकर ग्राम धनोरिया और कोतर के ग्रामीणों ने वीडियो जारी कर प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नहर का गेट टूटा होने की जानकारी आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोगों ने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी है। अधिकारियों को जमीनी हकीकत का पता होने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया है। किसानों का कहना है कि एक तरफ जल संकट गहरा रहा है, वहीं दूसरी तरफ जल संसाधन विभाग की लापरवाही से तालाब खाली हो रहा है। यदि यह पानी समय रहते बचा लिया जाता, तो आगामी रबी सीजन में फसलों की सिंचाई के काम आता। बारिश की अनिश्चितता के बीच इस तरह पानी की बर्बादी भविष्य में किसानों के लिए बड़ा संकट खड़ा कर सकती है। - सीताराम नाटानी