क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के बोरवेल खनन व्यवसायियों ने बोर खनन पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। व्यवसायियों का कहना है कि शासन के प्रतिबंध से उनका काम पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने बताया कि अधिकांश मशीन मालिकों ने बैंक से ऋण लेकर व्यवसाय शुरू किया है, लेकिन काम बंद होने से वे किस्त नहीं चुका पा रहे हैं, जिससे ब्याज का बोझ बढ़ता जा रहा है। एक बोरवेल मशीन से कई मजदूर जुड़े रहते हैं, ऐसे में काम बंद होने से उनके सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। व्यवसायियों ने यह भी कहा कि भीषण गर्मी में कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। प्रतिबंध के कारण नए जल स्रोत नहीं बन पा रहे, जिससे किसानों की फसलें भी सिंचाई के अभाव में प्रभावित हो रही हैं। संघ ने मांग की है कि प्रतिबंध हटाया जाए, ताकि व्यवसायियों, मजदूरों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व कृषि समस्याओं से राहत मिल सके। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026