जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के ग्राम पंचायत पुटपुरा के विजयापारा वार्ड क्रमांक 19 और 20 में बिजली व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सोमवार को ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले छह माह से ट्रांसफॉर्मर खराब पड़ा है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। कई बिजली के खंभे झुक चुके हैं और तार नीचे लटक रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। कुछ जगहों पर तार जल भी चुके हैं। बताया गया कि पिछले तीन दिनों से पूरे मोहल्ले में पूरी तरह बिजली गुल है। भीषण गर्मी में बिजली नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति और पंखा-कूलर जैसी सुविधाएं भी प्रभावित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया और व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे आंदोलन और विद्युत कार्यालय के घेराव को मजबूर होंगे। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026