बस्तर(ईएमएस)।बस्तर थाना क्षेत्र के रेटावंड गांव में एक बाहरी परिवार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। ओडिशा से आया यह परिवार कुछ समय से गांव में रह रहा था। ग्रामीणों ने परिवार के साथ एक पास्टर पर धर्म प्रचार करने का आरोप लगाया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट की स्थिति तक पहुंच गया। घटना के बाद मामला बस्तर थाने पहुंचा, जहां एक पक्ष ने मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्रामीणों का कहना था कि बाहरी व्यक्ति गांव में स्थायी रूप से न रहें और धर्म प्रचार जैसी गतिविधियां बंद हों। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव के प्रमुखों, सरपंच, कोटवार और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाइश दी। चर्चा के बाद सहमति बनी कि संबंधित परिवार बच्चों की परीक्षा खत्म होने के बाद गांव छोड़ देगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने और भविष्य में विवाद से बचने की हिदायत दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 अप्रैल 2026