आईपीएस अजय पाल की धमकी पर टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर का हमला कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण के मतदान से पहले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर और आईपीएस अजय पाल शर्मा के बीच तकरार थमने का नाम नहीं ले रही है। अब टीएमसी उम्मीदवार ने पुलिस पर्यवेक्षक को खुली धमकी देते हुए जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि खेल तुमने शुरू किया, खत्म हम करेंगे। पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक टीएमसी उम्मीदवार चुनाव प्रचार के आखिरी दिन एक जनसभा को संबोधित कर हुए यूपी पुलिस अधिकारी अजय पाल शर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये लोग बहुत खेल दिखा रहे हैं। खेल तुम लोगों ने शुरू किया है, खत्म हम करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पिक्चर अभी बाकी है दोस्त...अभी तो खेल शुरू हुआ है और तुम लोग सोच रहे हो कि कुछ सीआरपीएफ के लोगों को लेकर तुम हमें डरा दोगे, लेकिन अगर यहां के लोग पैदल चलें तो तुम लोग हवा में उड़ जाओगे। इसीलिए बीजेपी के लोगों तुमसे कहूंगा कि यहां आकर जनसमुद्र देखकर जाओ। यहां एक-एक मेरी मां दुर्गा है। दुर्गा रूप के किस तरह असुर का वध करते हैं, उन्हें पता है। उसी तरह बीजेपी को किस तरह जब्त और टाइट करना है, उन्हें पता है। दरअसल, यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा, जिन्हें सिंघम ऑफ यूपी के नाम से जाना जाता है, चुनाव आयोग ने उन्हें दक्षिण 24 परगना जिले में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया है। सोमवार को अजय पाल सीआरपीएफ जवानों के साथ फलता में टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घर पहुंचे थे। जहां उन्होंने जहांगीर खान के परिवार को चेतावनी दी थी कि अगर उनके समर्थक मतदाताओं को धमकाते पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा था, बाद में रोना मत। ये वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। टीएमसी ने आरोप लगाया कि अधिकारी रात के वक्त लोगों के घरों में घुसकर छापेमारी कर रहे हैं, महिलाओं के साथ बदसलूकी कर रहे हैं और आतंक फैला रहे हैं। सिराज/ईएमएस 28अप्रैल26