राष्ट्रीय
29-Apr-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा मौजूदा शैक्षणिक सत्र के लिए प्रकाशित की गई पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, छपाई और वितरण की मंत्रालय में आयोजित की गई एक बैठक में समीक्षा की है। जिसमें उन्होंने मुख्यरूप से परिषद की पाठ्य पुस्तकों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्टॉक की स्थिति का आकलन किया। साथ ही मंत्रालय का राज्यों के अधिकारियों तथा वितरण एजेंसियों के साथ बने हुए समन्वय को भी जांचा-परखा। शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस बैठक के जरिए शिक्षा मंत्री का उद्देश्य खासतौर पर देश के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों तक समय पर पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करना था। बैठक में शिक्षा मंत्रालय में स्कूली-शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार, मंत्रालय और एनसीईआरटी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि किसी भी छात्र को विलंब के कारण असुविधा नहीं होनी चाहिए। अधिकारी आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाए रखने, आवश्यकतानुसार मुद्रण क्षमता बढ़ाने और अंतिम सिरे तक पुस्तकों के वितरण की व्यवस्था पर बारीकी के साथ निगरानी बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक सभी छात्रों तक किताबों की भौतिक प्रतियां नहीं पहुंच जाती हैं। तब तक निबार्ध गति से शिक्षण व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ई-पाठशाला के माध्यम से डिजिटल पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/29अप्रैल2026