29-Apr-2026
...


-सुबह 9 बजे तक 18.39 प्रतिशत हुआ मतदान -कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें -नदिया में बीजेपी एजेंट पर हमले का आरोप कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर बुधवार को मतदान सुबह शुरु हुआ है। सुबह 9 बजे तक 18.39 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया और सुबह 5:30 बजे से ही मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे। अधिकांश मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। इस बीच हावड़ा के बाली इलाके में ईवीएम में गड़बड़ी की खबर के बाद हंगामा हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात सीआरपीएफ जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया। वहीं नाडिया जिले के छपरा में एक बीजेपी एजेंट ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। अनेक बूथों पर ईवीएम खराब कोलकाता के राजरहाट-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचनंतला, घोषपारा, केस्टोपुर और चंदीबेरिया नवजागरण क्लब समेत कई पोलिंग बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आईं। हालांकि, बाद में मशीनों को ठीक कर मतदान दोबारा शुरू करा दिया गया। इससे पहले ममता ने लगाए गंभीर आरोप मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बाहरी ऑब्जर्वर टीएमसी एजेंटों को निशाना बना रहे हैं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि सीआरपीएफ ने बिना स्थानीय पुलिस के उनके एक पार्षद के घर पर कार्रवाई की और तोड़फोड़ की। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में डर का माहौल बनाया जा रहा है और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से होने चाहिए, लेकिन हालात को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार, मतदाता स्वतंत्र रूप से मतदान करें, यह सुनिश्चित होना चाहिए। पिछले चुनाव में टीएमसी का था दबदबा गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में इन 142 सीटों में से 123 सीटें टीएमसी ने जीती थीं। इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 93 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। राज्य में जारी इस चरण के मतदान के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिन पर पूरे देश की नजर बनी हुई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में लगभग 3.21 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 220 महिलाएं हैं। मतदान के लिए 41,001 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 8,000 से अधिक पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित हैं। हिदायत/ईएमएस 29अप्रैल26