29-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। बीती रात शालीमार बाग थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी का चाकू से गला रेतने के साथ ही शरीर पर कई बार वार कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद थाने पहुंचकर पुलिस को हत्या की बात बताई। वह दोनों पर शक करता था। इसी से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। शव और चाकू की बरामदगी कराने के दौरान वह खून से सने कपड़ों में पुलिस को सब बताता रहा। पुलिस के अनुसार, बुधवार को इंदिरा कॉलोनी निवासी विरेंद्र (35 वर्ष) ने शालीमार बाग पुलिस स्टेशन में पहुंचकर बताया कि उसने अपने किराएदार कन्हैया (29 वर्ष) की हत्या कर दी है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आरोपी विरेंद्र ने खुद पुलिस को अपनी झुग्गी नंबर टी-210 में ले जाकर वारदातस्थल दिखाया। मौके पर पहुंचकर पुलिस को मृतक कन्हैया का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उसका गला रेता हुआ था। उसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी मौके से बरामद कर लिया गया। आरोपी खून से सने कपड़ों में वहां मौजूद था। प्रारंभिक पूछताछ में विरेंद्र ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और कन्हैया के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी नाराजगी और संदेह के चलते उसने कन्हैया की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की घटनास्थल पर मौजूदगी दर्ज हुई है। पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया। घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत एकत्र किए गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत शालीमार बाग थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/29/अप्रैल /2026