- रेलवे लाइन के नीचे कई नए अंडरपास बनेंगे, आनंद विहार-कड़कड़डूमा और निजामुद्दीन में हो रही प्लानिंग नई दिल्ली (ईएमएस)। रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाकर दिल्ली में आवागमन की दूरी कम करने पर दिल्ली सरकार विचार कर रही है। सरकार ने लोक निर्माण सरकार को इस पर अध्ययन कर रिपोर्ट देने को कहा है। इसके तहत आनंद विहार रेलवे स्टेशन से कड़कड़डूमा आने के लिए अंडरपास बनाने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा। निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से निजामुद्दीन ईस्ट की तरफ आने जाने के लिए रेलवे लाइन के नीचे बने अंडरपास को चौड़ा किए जाने की भी योजना पर विचार हो रहा है। सरकार जल्द ही मुकरबा चौक रेलवे अंडरपास काे भी जनता को समर्पित करने जा रही। दिल्ली की भाजपा सरकार उन विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रही है जिनके माध्यम से दिल्ली की जनता को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। विशेषज्ञों की मानें तो यह वह समय है जब रेलवे लाइन के नीचे बड़े स्तर पर काम कर नता को सुविधा दी जा सकती है। दरअसल, इस समय केंद्र और दिल्ली में भाजपा की सरकार है जिसके चलते रेलवे भी अपनी जमीन पर अपनी संपत्तियों पर काम करने के लिए पूरी तरह से सहयोग कर रहा है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने लोक निर्माण विभाग को कुछ समय पहले निर्देश दिए हैं कि दिल्ली भर में उन स्थानों को अध्ययन किया जाए जहां पर रेलवे लाइन के नीचे अंछरपास बनाकर जनता को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/29/अप्रैल /2026