वाशिंगटन,(ईएमएस)। वॉशिंगटन से एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान इस समय गंभीर संकट में है। ट्रंप के मुताबिक ईरान ने अमेरिका को संकेत दिया है कि वह जल्द से जल्द होर्मुज को खोलना चाहता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य पूर्व में अमेरिका-ईरान तनाव अपने चरम पर है। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ कड़ी समुद्री नाकाबंदी कर रखी है, जिससे ईरान के तेल निर्यात पर भारी असर पड़ रहा है। यही कारण है कि ईरान की अर्थव्यवस्था पर जबरदस्त दबाव बन गया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान अपनी “लीडरशिप स्थिति” को संभालने की कोशिश कर रहा है और जल्द समाधान चाहता है। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि ईरान अपनी आंतरिक स्थिति को संभाल सकता है, लेकिन इसके लिए उसे होर्मुज खोलना जरूरी है। होर्मुज दुनिया का सबसे अहम तेल मार्ग है, जहां से करीब 20फीसदी वैश्विक तेल आपूर्ति गुजरती है। अगर यह मार्ग बंद रहता है, तो न केवल ईरान बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है। यही वजह है कि इस इलाके में जारी तनाव से तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है। ट्रंप के इस दावे की अभी तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कई विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह के बयान कूटनीतिक दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकते हैं। सिराज/ईएमएस 29अप्रैल26