भारत के ये शहर इसकी जद में इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान की सेना ने हाल ही में अपनी स्वदेशी विकसित फतेह-2 मिसाइल सिस्टम की सफल लांचिंग की है। आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड ने यह परीक्षण किया। यह मिसाइल पाकिस्तान की अपनी कंपनी ग्लोबल इंडस्ट्रियल एंड डिफेंस सॉल्यूशंस (जीआईडीएस) द्वारा तैयार की गई है। जीआईडीएस पाकिस्तान की सरकारी डिफेंस कंपनी है। फतेह-2 एक गाइडेड मल्टीपल लांच रॉकेट सिस्टम (जीएमएलआरएस) है,यानी कई रॉकेट एक साथ छोड़ सकता है और बेहतर निशाना लगा सकता है। इसमें आधुनिक एवियोनिक्स यानी एडवांस इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और बेहतरीन नेविगेशन सिस्टम लगे हैं। पाकिस्तान का दावा है कि यह रूस के टॉरनेडो-एस और चीन के पीएचएल -191 जैसा है। फतेह-2 में स्टेट-ऑफ-द-आर्ट नेविगेशन सिस्टम है जो मिसाइल को बेहतर तरीके से लक्ष्य तक पहुंचाता है। पाकिस्तान मिसाइल को अपनी सेना में शामिल कर रहा है ताकि लड़ाई में लंबी दूरी तक सटीक हमला किया जा सके। फतेह-2 की अधिकतम रेंज 400 किलोमीटर तक है। यह एक लंबी दूरी का प्रिसीजन स्ट्राइक रॉकेट है। इसमें यूनिक ट्रैजेक्टरी और मैन्यूवर करने की क्षमता है, जिससे यह बीच में रास्ता बदल सकता है। पाकिस्तान का कहना है कि इससे यह किसी भी मिसाइल डिफेंस सिस्टम को चकमा दे सकता है। भारत के कौन से शहर फतेह-II की रेंज में आते हैं? फतेह-2 की 400 किलोमीटर रेंज के मुताबिक पाकिस्तान की सीमा से कई भारतीय शहर इसके दायरे में आ सकते हैं। लाहौर जैसे इलाके से लांच करने पर अमृतसर सिर्फ 50 किलोमीटर दूर है, इसलिए पूरी तरह रेंज में। वहीं चंडीगढ़ लगभग 250 किलोमीटर की दूरी पर है। जम्मू, पठानकोट, जालंधर, लुधियाना और पंजाब के कई इलाके आसानी से इसके निशाने पर आ सकते हैं। हरियाणा के कुछ हिस्से जैसे सिरसा भी रेंज में हैं। आशीष दुबे, 29 अप्रैल 2026