राष्ट्रीय
29-Apr-2026


-मांग पूरी नहीं हुईं तो किसान फिर करेंगे धरना-प्रदर्शन हरदा (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के हरदा जिले में किसानों द्वारा 16 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया ‘घेरा डालो, डेरा डालो किसान क्रांति आंदोलन’ फिलहाल दो दिनों के लिए स्थगित किया गया है। यह आंदोलन मंगलवार को भीषण गर्मी (करीब 43 डिग्री तापमान) के बीच करीब 11 घंटे तक चला। आंदोलन में हरदा, देवास, नर्मदापुरम और खंडवा जिलों के बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कृषि मंडी परिसर में एकत्रित हुए थे। वे मुख्य रूप से गेहूं और मूंग की खरीदी में आ रही समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखकर जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट और मंडी क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षा छावनी में बदल दिया था। करीब 5 बटालियनों के 1100 पुलिस जवान तैनात किए गए थे, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। किसान अनिश्चितकालीन धरने की तैयारी से आए थे और अपने साथ राशन, आटा, दाल सहित अन्य जरूरी सामान लेकर पहुंचे थे। कई किसानों ने अपनी ट्रॉलियों को अस्थायी तंबू का रूप दे दिया था और बिस्तर भी साथ लाए थे। लेकिन देर शाम आंदोलन को दो दिनों के लिए स्थगित किया गया। इस दौरान एक सकारात्मक दृश्य भी देखने को मिला, जब करीब 300 से अधिक किसानों और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने साथ बैठकर भोजन किया। हालांकि किसानों ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। आंदोलन के संयोजक राजेंद्र पटेल ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब किसान बिना किसी पूर्व सूचना के फिर ट्रैक्टरों के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव करने वाले है। शाम को नर्मदापुरम के डिप्टी कमिश्नर दिवाकर नारायण पटेल मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। उन्होंने मूंग की खरीदी शुरू होने की जानकारी दी और मक्का खरीदी के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही। साथ ही अगले दिन सुबह 11 बजे तक लिखित आश्वासन देने का भरोसा भी दिलाया। इसके बावजूद किसान कलेक्टर के बजाय कमिश्नर को ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल प्रशासन और किसानों के बीच बातचीत जारी है और आगे की स्थिति दो दिनों बाद स्पष्ट होगी। आशीष दुबे, 29 अप्रैल 2026