क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर रेल मंडल के नरसिंहपुर स्टेशन पर एक यात्री चलती ट्रेन के गेट पर बैठने के कारण घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बागमती एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे 22 वर्षीय रामलाल (निवासी बरौनी, बिहार) बुधवार 29 अप्रैल को हादसे का शिकार हो गए। बताया गया कि रामलाल बेंगलुरु जा रहे थे। यात्रा के दौरान वे ट्रेन के गेट पर बैठकर सफर कर रहे थे, तभी उनके पैर के अंगूठे में गंभीर चोट लग गई और तेज रक्तस्राव होने लगा। नरसिंहपुर स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही डिप्टी एसएस कमर्शियल की सूचना पर रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने तुरंत प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर ने घायल यात्री के अंगूठे की ड्रेसिंग कर आवश्यक दवाइयां दीं, जिससे उनकी स्थिति नियंत्रित हो सकी। उपचार के बाद डॉ. कुर्रे ने यात्रियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चलती ट्रेन के गेट पर बैठना या चढ़ने-उतरने की कोशिश करना बेहद खतरनाक है और जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए यात्रियों को पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस घोल, शिकंजी, जीरा पानी और नारियल पानी पीने की सलाह दी। साथ ही तले-भुने खाद्य पदार्थों से बचने और अवैध वेंडरों से खाने-पीने की चीजें न खरीदने की भी अपील की, ताकि फूड पॉइजनिंग या जहरखुरानी जैसी घटनाओं से बचा जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने और सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। सुनील साहू / शहबाज / 29 अप्रैल 2026/ 05.14