क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


- पुलिस ने गांव में निकाला जुलूस जबलपुर (ईएमएस)। बरेला थाना क्षेत्र के परतला गांव में लगुन कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी विनोद पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का परतला गांव में जुलूस निकाला, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल को परतला निवासी भरत पटेल के यहां लगुन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा ने कपिल लोधी पर सरेआम फायरिंग कर दी थी। गोली कपिल लोधी के सीने में लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जांच में सामने आया कि आरोपियों और पीड़ित के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। जैसे ही आरोपियों को पता चला कि कपिल लोधी कार्यक्रम में मौजूद है, नितिन मिश्रा और विनोद पटेल वहां पहुंचे। इस दौरान झूमाझटकी हुई और फिर फायरिंग कर दी गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद से पुलिस टीम विनोद पटेल की तलाश में जुटी हुई थी। बताया जा रहा है कि विनोद पटेल लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे उसी गांव में घुमाया, जहां वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सुनील साहू / शहबाज / 29 अप्रैल 2026/ 05.16