कमरे में मारा, नाखुन तक उखाड़ने का प्रयास उना,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां टाहलीवाल के बाथू-बाथड़ी पेट्रोल पंप पर मात्र 50 रुपये के भुगतान को लेकर एक युवक मोहम्मद यूसुफ की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि एफआईआर दर्ज होने के पांच दिन बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पीड़ित युवक के अनुसार, जब वह पेट्रोल डलवाने के बाद गूगल पे से भुगतान करने लगा, तभी मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद युवक ने कर्मियों से मोबाइल चार्ज करने की अनुमति मांगी, जिस पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते पेट्रोल पंपकर्मियों ने युवक को ऑफिस में बंद कर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हृदयविदारक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक को बुरी तरह पीट रहे हैं और प्लास जैसे लोहे के औजारों से उसके नाखून तक उखाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित की चीखें और उसकी बेगुनाही की गुहार भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा है। इस मामले में एक थार गाड़ी में आए अज्ञात व्यक्ति की संलिप्तता की बात भी सामने आई है। स्थानीय पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं, लेकिन अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर पेट्रोल पंप के कर्मचारी थे या उसके मालिक है। 25 को मामला दर्ज होने के बावजूद 29 अप्रैल तक किसी की गिरफ्तारी न होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। आशीष दुबे / 29 अप्रैल 2026