क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


- परिजनो ने जताया रिश्तेदारो पर हत्या का संदेह भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके की गुनगा थाना पुलिस ने क्षेत्र में स्थित एक पानी के गड्ढे से 13 दिन से लापता कारोबारी की लाश बरामद की है। मृतक के मोबाइल की आखिरी लोकेशन उसके ताऊ के खेत में मिली थी। कॉल डिटेल में भी आखिरी तीन कॉल उसके करीबी रिश्तेदारों के हैं। जिसमें एक महिला व दो नंबर ताऊ के बेटों के हैं। मामले में जहॉ पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनो ने रिश्तेदारो पर ही हत्या का संदेह जताया है। मिली जानकारी के अनुसार हर्ष ट्रांसपोर्ट के पीछे लांबाखेड़ा में रहने वाले मृतक देवेंद्र मेहरा पिता देवेश मेहरा (40) की ललवानी प्रेस रोड कोतवाली में लेडीज पर्स की दुकान थी। 17 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह गुटखा लेकर आने का कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिवार वालो ने काफी खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर उनकी गुमशुदगी ईंटखेड़ी थाने में दर्ज कराई गई थी। जॉच के दौरान पुलिस को देवेंद्र की लास्ट लोकेशन धमर्रा बैरसिया रोड पर मिली थी। जिस खेत में लास्ट लोकेशन मिली, वह मृतक के ताऊ का खेत है। परिजनों ने बुधवार सुबह खेत में देवेंद्र की तलाश की इस दौरान गड्ढे में उसका शव मिला। कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह कंपोज्ड हो चुका है। मृतक के कपड़ों, मोबाइल और चप्पलों से उसकी पहचान की जा सकी है। परिजनों का दावा कहना है की जिस खेत में लाश मिली है, वह मृतक के बड़े पिता का खेत है। उनका बेटा मनोज मेहरा है, इससे ही आखिरी बार कॉल पर देवेंद्र की बात हुई है। इसकी पुष्टि कॉल डिटेल से हो रही है। लास्ट कॉल पर मनोज मेहरा ( ताऊ का बेटा), कालूराम (रिश्ते का भाई) और मीराबाई (रिश्ते की भाभी) से बात हुई थी। जब तीनो रिश्तेदारो से इस संबंध में बात की तो तीनो ने बताया कि हमारी आखिरी बार कॉल पर बात नहीं हुई है। और तीनों देवेंद्र की मौत की खबर मिलने के बाद भी नहीं आए। इस आधार पर उन्हें शंका है, कि मनोज व दोनों अन्य रिश्तेदारों ने ही भाई की हत्या की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है की पीएम रिर्पोट आने पर ही मौत के सही कारणो का खुलासा हो सकेगा, जिसके बाद कॉल डिटेल के आधार पर आगे की जॉच की जायेगी। जुनेद / 29 अप्रैल