हाथरस (ईएमएस)। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर सतत नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर बाढ़ नियंत्रण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा मशीनरी, पंप, डीजल और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।साथ ही जल निकासी, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी व्यवस्था करने और पुलिस व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नदियों के जलस्तर की नियमित निगरानी और तटबंधों के निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को संभावित बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मेडिकल टीमों को अलर्ट रखने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारे और दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।उन्होंने ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बाढ़ से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश भी दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सिंचाई एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 29 अप्रैल 2026