राज्य
29-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव नगला गजुआ में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ससुराल से निष्कासित एक विवाहिता जब अपना सामान लेने घर पहुंची, तो ससुराल पक्ष ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मई सरोंठ निवासी सुनीता देवी को उसके ससुराल वालों ने पहले ही प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया था। बुधवार सुबह सुनीता अपनी बहन कुंती और भाई टीकम के साथ अपना जरूरी सामान लेने ससुराल नगला गजुआ पहुंची थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद ससुराल पक्ष ने सामान देने के बजाय उस पर हमला कर दिया।पीड़िता के अनुसार, घर में दाखिल होते ही पति भूपेंद्र राणा, देवर पवन और धर्मेंद्र, ससुर विजेंद्र तथा सास कमलेश ने उसे घेर लिया। इसी दौरान पति ने किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर बचाने आई बहन कुंती के साथ भी अभद्रता की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए।पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उससे 10 हजार रुपये की नकदी और चार मोबाइल फोन भी छीन लिए। साथ ही उसके बच्चे और भाई को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी गई।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराकर तत्काल अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल से ही मुख्य आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।अस्पताल में उपचाराधीन सुनीता ने प्रशासन से न्याय की मांग की है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि एक महिला के साथ इस तरह की हिंसा कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 29 अप्रैल 2026