राज्य
29-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। सदर तहसील क्षेत्र के मुरसान कस्बा स्थित ग्राम चमारपट्टी में अवैध आवासीय कॉलोनियों के निर्माण को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। गाटा संख्या 79, 136 और 73/2 पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के प्लॉटिंग और निर्माण कार्य खुलेआम जारी है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।जानकारी के अनुसार गाटा संख्या 73/2 पर ‘कीर्तिपुरम’ नाम से कॉलोनी विकसित की जा रही है। वहीं गाटा संख्या 136, ब्लॉक रोड नगला बाबू तथा कन्हैया फार्म हाउस के आसपास भी अवैध रूप से प्लॉट काटे जा रहे हैं। आरोप है कि बुद्ध विहार कॉलोनी, सादाबाद अड्डा मुरसान निवासी मोनू गौतम पुत्र बच्चू सिंह व अन्य लोगों द्वारा बिना किसी वैध स्वीकृति के यह निर्माण कराया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि कृषि भूमि को बिना भूमि उपयोग परिवर्तन कराए ही आवासीय कॉलोनी में बदला जा रहा है। न तो नक्शा पास कराया गया है और न ही संबंधित विभागों से अनुमति ली गई है। इसके बावजूद सड़कों का निर्माण कर प्लॉट बेचे जा रहे हैं और खरीदारों को रजिस्ट्री के नाम पर गुमराह किया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं और लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की अवैध कॉलोनियां भविष्य में गंभीर समस्याएं खड़ी कर सकती हैं। इनमें जल निकासी, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है और कानूनी सुरक्षा भी सुनिश्चित नहीं होती, जिससे खरीदारों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।फिलहाल निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि अवैध निर्माण के इस मामले में कब तक प्रभावी कार्रवाई की जाती है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 29 अप्रैल 2026