राज्य
29-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। जनपद में प्रेम प्रसंग के चलते 19 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार रात हुई इस घटना में बीएससी की छात्रा आरती ने घर पर अकेले रहते हुए फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय उसके परिजन दिल्ली में एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे।जानकारी के अनुसार, आरती का अपने दूर के रिश्तेदार, जो कासगंज के पटियाली क्षेत्र का निवासी है, से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय से फोन पर बातचीत होती थी, लेकिन किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद युवती ने यह कदम उठा लिया।घटना की जानकारी सबसे पहले युवती के परिचित युवक ने फोन के माध्यम से परिवार की एक सदस्य को दी। जब परिजन घर पहुंचे तो आरती को फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही परिजन भी दिल्ली से वापस लौट आए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 29 अप्रैल 2026