राज्य
29-Apr-2026


पटना, (ईएमएस)। सोशल मीडिया पर अवैध आग्नेयास्त्र का प्रदर्शन करने वाले एक युवक को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक का हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक वायरल वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें एक युवक हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो में उसके साथ 4-5 अन्य लोग भी मौजूद थे। आसूचना संकलन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के ग्राम इस्लाम निवासी के रूप में की गई। पहचान स्थापित होने के बाद युवक की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 01 देशी कट्टा और 05 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। संतोष झा- २९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस