:: अब तक 9.14 लाख उपभोक्ताओं को मिली 40 करोड़ की रियायत; इंदौर जिले में एक लाख से ज्यादा ने लिया लाभ :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की समाधान योजना बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। तीन माह से अधिक के पुराने बकाया बिलों के भुगतान पर उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 90 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है। इस योजना का लाभ लेने के लिए 15 मई तक का समय शेष है। विद्युत कंपनी के अनुसार, योजना के तहत पुराने बकाया बिलों का एकमुश्त भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज राशि पर 70 से 90 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जा रही है। वहीं, जो उपभोक्ता किश्तों में बिल भुगतान का विकल्प चुन रहे हैं, उन्हें पहली किश्त तुरंत जमा करने पर 50 से 60 प्रतिशत तक की सरचार्ज माफी का लाभ दिया जा रहा है। योजना को लेकर उपभोक्ताओं में भारी उत्साह है। कंपनी के कार्यक्षेत्र के जिलों में अब तक 9.14 लाख उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को कुल 40 करोड़ रुपये की सरचार्ज छूट मिली है, जबकि कंपनी को 299 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। योजना के क्रियान्वयन में इंदौर जिला प्रदेश में सबसे आगे रहा है, जहां एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने लाभ लिया है। इसके बाद खरगोन (95,800), उज्जैन (94,700) और रतलाम (82,300) जिले क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। शेष अन्य जिलों में भी 26,500 से 73,000 तक उपभोक्ताओं ने सरचार्ज माफ कराया है। विद्युत कंपनी ने बकायादारों से अपील की है कि वे 15 मई तक इस अंतिम अवसर का लाभ उठाकर सरचार्ज के बोझ से मुक्त हों। प्रकाश/29 अप्रैल 2026