राज्य
29-Apr-2026


:: महंगे शौक पूरे करने के लिए बना था लुटेरा, खजराना पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से दबोचा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की सड़कों पर बेखौफ होकर राहगीरों के हाथों से मोबाइल झपटने वाले एक शातिर अपराधी को खजराना पुलिस ने धर दबोचा है। अपनी विलासितापूर्ण इच्छाओं और कम समय में जल्दी अमीर बनने की हवस ने सातवीं पास इस मजदूर को अपराध की राह पर धकेल दिया था। पुलिस ने न केवल लूटा गया कीमती आईफोन बरामद किया है, बल्कि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। घटना 26 अप्रैल को तब हुई, जब स्कीम नंबर 134 निवासी फरियादी शिव ओम क्लार्क्स इन होटल के सामने से गुजर रहे थे। तभी एक अज्ञात बाइक सवार ने फुर्ती से उनके हाथ से आईफोन-14 प्रो झपटा और फरार हो गया। थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने तत्काल विशेष टीम गठित कर इलाके में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी शकील पटेल निवासी राजीव नगर, खजराना को वाघेला गार्डन के पास घेराबंदी कर दबोच लिया। भागने के तमाम प्रयासों के बावजूद आरोपी पुलिस के चंगुल से नहीं बच सका। पूछताछ में शकील ने स्वीकार किया कि मजदूरी की सीमित आय उसके महंगे शौक पूरे करने के लिए नाकाफी थी, इसलिए उसने झपटमारी का रास्ता चुना। पुलिस ने 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य का आईफोन और 90 हजार रुपये की पैशन प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल 2 लाख 10 हजार रुपये का मशरूका बरामद कर पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। अब पुलिस उससे अन्य थानों में दर्ज वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक मनोज सिंह सेंधव और उनकी टीम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। प्रकाश/29 अप्रैल 2026