राज्य
29-Apr-2026
...


:: यातायात पुलिस का कड़ा एक्शन : 118 चालकों पर जुर्माना, 72 के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर में यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन अब बेहद सख्त रुख अपना रहा है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। इस लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने न केवल जुर्माना लगाया है, बल्कि लाइसेंस निलंबन की कड़ी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। यातायात प्रबंधन पुलिस के अनुसार, बीते दिन चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ऐसे 118 वाहन चालकों को पकड़ा गया, जो वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे थे। पुलिस ने इन सभी पर तत्काल चालानी कार्रवाई की। इसके अतिरिक्त, नियम का गंभीर उल्लंघन करने वाले 72 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है और यह सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण भी है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें। यदि किसी का कॉल आना अत्यंत आवश्यक हो, तो वाहन को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करके ही बात करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नियमों का पालन कर खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखें, अन्यथा बड़ी दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। प्रकाश/29 अप्रैल 2026