:: ऑटो रिक्शा में ड्रग्स ले जाते हुए पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खजराना पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करते हुए दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा है। आरोपितों के पास से न केवल लाखों रुपये कीमत की ड्रग्स बरामद हुई है, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा ऑटो रिक्शा भी जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि पुलिस टीम रंगून गार्डन, स्कीम नंबर 134 के पास संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। तभी दो युवक ऑटो रिक्शा में बैठे हुए दिखाई दिए, जो पुलिस को देखते ही घबराकर भागने का प्रयास करने लगे। सतर्क पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास 10 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स मिली, जिसकी बाजार कीमत एक लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पूछताछ में आरोपितों, इरफान मोहम्मद उर्फ हामा और गोकुल चौरसिया ने खुलासा किया कि वे स्वयं एमडी ड्रग्स के आदी हैं। अपनी नशे की लत पूरी करने और कम समय में जल्दी अमीर बनने की हवस में वे सस्ते दामों में ड्रग्स खरीदकर उसे महंगे दामों में बेचते थे। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में 1 लाख की ड्रग्स और 3 लाख रुपये कीमत का ऑटो रिक्शा (एमपी 09 एएन 6506) जब्त कर कुल 4 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। अब पुलिस आरोपितों के नेटवर्क और मुख्य सप्लायरों के बारे में सघन पूछताछ कर रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक मनोज सिंह सेंधव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रकाश/29 अप्रैल 2026