:: 1.10 लाख की ड्रग्स, डिजिटल तौल मशीन और लग्जरी कार समेत 42 लाख का मशरूका जब्त :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक तस्कर को महंगी टोयोटा फॉरच्यूनर गाड़ी के साथ रंगे हाथों दबोचा है। आरोपी के पास से एमडी ड्रग्स और इसे तौलने के लिए डिजिटल मशीन भी बरामद की गई है। क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली थी कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है। इसी आधार पर पतारसी के दौरान टीम ने शिवालय रोड क्षेत्र में एक बगैर नम्बर की टोयोटा फॉरच्यूनर गाड़ी को देखा, जिसमें बैठा संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देख हड़बड़ा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोका और सख्ती से पूछताछ की। तलाशी लेने पर गाड़ी के सीलिंग बॉक्स के पास से एक पारदर्शी पन्नी में 11.12 ग्राम एमडी ड्रग्स और हैंडब्रेक के पास एक डिजिटल तौल मशीन मिली। पकड़े गए आरोपी की पहचान नंदकिशोर वोरा उर्फ वंश, निवासी मुसाखेड़ी, इंदौर के रूप में हुई है। आरोपी ने बताया कि वह कॉस्मेटिक शॉप में काम करता है और जल्दी पैसा कमाने की लालसा में सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर उसे महंगे दामों में नशे के आदी लोगों को बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 11.12 ग्राम एमडी ड्रग्स (अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.10 लाख रुपये), एक मोबाइल फोन, डिजिटल तौल मशीन और तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा फॉरच्यूनर कार जब्त की है। कुल मशरूके की कीमत लगभग 42 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध शाखा थाने में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस अब उससे ड्रग्स के मुख्य सप्लायरों के बारे में सघन पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि क्राइम ब्रांच ने 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 25 प्रकरण दर्ज कर 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकाश/29 अप्रैल 2026