:: पुलिस कमिश्नर ने पलासिया कार्यालय में प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में आम नागरिकों की सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के उत्साहवर्धन हेतु एक नई पहल की जा रही है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में शुरू किए गए साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पलासिया स्थित कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 28 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त ने इन सभी को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार भेंट कर उनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें भविष्य में भी इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। सम्मानित होने वालों में पलासिया थाना क्षेत्र के उस दल को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया जिसने नाबालिग बालकों के अपहरण और फिरौती की मांग करने वाले सनसनीखेज मामले का खुलासा किया था। इस टीम ने न केवल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया बल्कि बालकों को भी सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया। इसी प्रकार सदर बाजार पुलिस टीम को 114 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स जब्त करने और परदेशीपुरा पुलिस को अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने पर सम्मान मिला। जूनी इंदौर पुलिस के उन जवानों को भी सराहा गया जिन्होंने दुपहिया वाहन चोर को पकड़कर चार वाहन बरामद किए। यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। महिला आरक्षकों को बेहतर यातायात व्यवस्था संभालने और आरक्षक मिथुन राठौर को एक्सीडेंटल डाटा का विधिवत संधारण करने के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले बल का मनोबल बढ़ता है और विभाग में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों जैसे अपराध नियंत्रण, नशा मुक्ति अभियान और सुगम यातायात में योगदान देने वाले जांबाजों को पहचान मिली है। प्रकाश/29 अप्रैल 2026