देहरादून (ईएमएस)। हर्षल फाउंडेशन के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दून हस्तशिल्प बाजार 2026 का भव्य आयोजन महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए आगामी दो व तीन मई को राजधानी में किया जाएगा। यहां परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फाउंडेशन की ट्रस्टी सेक्रेटरी डा. रमा गोयल ने बताया कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस बाजार में महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और उन्हें बाजार तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है। डा. गोयल ने बताया कि विशेष बात यह है कि इस आयोजन में भाग लेने वाली महिला उद्यमी केवल देहरादून से ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों जैसे विकासनगर, हरिद्वार, रुड़की एवं अन्य निकटवर्ती क्षेत्रों से भी शामिल हो रही हैं, जिससे इस कार्यक्रम का दायरा और प्रभाव और अधिक व्यापक हो गया है। उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय आयोजन दो एवं तीन मई 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसका समय प्रातः दस बजे से रात्रि आठ बजे तक रहेगा। उन्होंने कहा कि यह बाजार जीएमएस रोड स्थित एक होटल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आगंतुकों के लिए कई आकर्षक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है, जिनमें प्रमुख रूप से लेडीज रैम्प वॉक, बच्चों की ड्रॉइंग प्रतियोगिता, बच्चों की डांस प्रतियोगिता, कुकिंग प्रतियोगिता, मेहंदी एवं फेस पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ ही साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। इस अवसर पर अनेक सहयोगी शामिल रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/29 अप्रैल 2026