राज्य
29-Apr-2026
...


धार (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के धार जिले में बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ। पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक 30 से 35 मजदूर सवार थे। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान पिकअप ने एक स्कॉर्पियो वाहन को भी टक्कर मार दी और सड़क पर पलट गया। वाहन पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजन रोते-बिलखते नजर आए। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।