क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


- लगभग 1.5 लाख की संपत्ति को पहुंचाया नुकसान कोरबा (ईएमएस)। कोरबा अंचल में टी.पी. नगर चौक स्थित यातायात सिग्नल और एडवर्टाइजिंग पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले कथित ट्रैलर चालक को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा हैं कि इस हादसे में नगर निगम की सार्वजनिक संपत्ति को लगभग 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल की रात लगभग 1:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित राजस्थानी होटल के सामने एक ट्रैलर यातायात सिग्नल पोल से टकरा गया। इस टक्कर में यातायात सिग्नल लाइट, विज्ञापन बोर्ड, काउंटडाउन टाइमर और निगम का सीसीटीवी कैमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में राघव एडवरटाइजिंग कंपनी में कार्यरत कर्मचारी ने चौकी सीएसईबी में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही की। थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर और चौकी सीएसईबी की टीम ने कथित आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रैलर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। - 30 अप्रैल