क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


- बोलेरो वाहन और रकम बरामद कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान अंतर्गत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैलर चालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो कथित आरोपियों को थाना बांगो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कथित आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम का हिस्सा भी बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी गढ़वा निवासी ट्रैलर चालक है, 26 अप्रैल को अंबिकापुर से कोयला लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। देर रात करीब 2 बजे हसदेव नदी के पास ट्रैलर का प्रेशर कम होने पर उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बोलेरो में सवार दो युवक वहां पहुंचे और चालक से कागजात मांगने लगे। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चालक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोप लगाते हुए बताया गया की कथित आरोपियों ने चालक से 7000 रुपये नगद, पर्स में रखे 800 रुपये लूट लिए, साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से 1200 रुपये और 500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। इस तरह कुल 9500 रुपये की लूट कर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना बांगो पुलिस ने अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। बांगो थाना पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम में से 800 रुपये बरामद किए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्यवाही में थाना बांगो पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र डिडसेना, आरक्षक जयप्रकाश यादव और रामगोपाल साहू का विशेष योगदान रहा। - 30 अप्रैल