क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बार-बार हो रही बिजली गुल होने की समस्या ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। दिन में तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच बिजली का घंटों गुल रहना ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। ग्रामो में बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कटौती की जा रही है। कहीं 2 से 3 घंटे तक लगातार बिजली बंद रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे न केवल घरों में रहने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है, बल्कि किसानों, छोटे व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न विभाग द्वारा न तो कोई निश्चित समय तय न किया गया है और न ही कटौती की पूर्व सूचना दी जाती है। इससे दैनिक कार्यों की योजना बनाना मुश्किल हो गया है। रात के समय भी बिजली कटने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है, जिससे स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। किसान वर्ग भी इस समस्या से अछूता नहीं है। सिंचाई के लिए निर्भर रहने वाली विद्युत आपूर्ति बाधित होने से खेतों में पानी देना कठिन हो गया है। वहीं छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि बिजली के बिना उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली कटौती यदि आवश्यक है तो उसका एक निर्धारित समय तय किया जाए और इसकी पूर्व सूचना दी जाए, ताकि लोग अपने काम उसी अनुसार व्यवस्थित कर सकें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने और ट्रांसफार्मर व लाइन की नियमित जांच की भी आवश्यकता जताई गई है। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली की अनियमित आपूर्ति ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। - 30 अप्रैल