इन्दौर (ईएमएस) शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसमें दो सगे भाई एक के बाद एक युवती के साथ लिव इन में रहे और दोनों ने ही शादी से मना कर दिया। मामला जूनी इंदौर थाना क्षेत्र का है। जहां एक 22 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के मामले में दो सगे भाइयों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, उन दोनों ने अलग-अलग समय पर शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में मुकर गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मूलतः सतना की रहने वाली पीड़िता युवती विगत दो साल से इंदौर के जूनी इंदौर क्षेत्र में किराए के हॉस्टल में रहती है और निजी कंपनी में नौकरी कर रही है। उसने शिकायत दर्ज कराते बताया कि करीब पांच साल पहले उसके माता-पिता की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, जिसके बाद वह अकेले जीवनयापन कर रही है। एक साल पहले उसकी पहचान धार निवासी क्रिश जायसवाल से हुई, जो इंदौर में पढ़ाई कर रहा था। दोस्ती के बाद उसने शादी का झांसा दिया और उसके साथ रहने लगा। इस दौरान उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने पुलिस को बताया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक फ्लैट उसे आवंटित हुआ था, क्रिश उस फ्लैट को अपने या अपनी मां के नाम कराने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसने मारपीट की और करीब 1.20 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। इसके बाद उसके बड़े भाई अरिहंत जायसवाल ने हस्तक्षेप कर युवती के पैसे वापस दिलवाए और उससे बातचीत शुरू की। उसने भी शादी का भरोसा दिलाया और करीब छह महीने पहले उसके साथ लिव-इन में रहने लगा। इस दौरान उसने भी कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों कोर्ट मैरिज की तैयारी कर रहे थे तभी 25 अप्रैल 2026 को अरिहंत के परिवार वाले उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद उसने परिवार की मर्जी का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर उसको छोड़ दिया। उसके बाद उसने अपनी सहेली को पूरी जानकारी दी और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर उनके निर्देशानुसार थाने में मामला दर्ज कराने आई। पुलिस ने क्रिश जायसवाल और अरिहंत जायसवाल के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 30 अप्रैल 2026