राष्ट्रीय
30-Apr-2026


- घरेलू ‎विवाद का मामला, घटना के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार; पुलिस तलाश में जुटी संगरूर (ईएमएस)। पंजाब के संगरूर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दामाद ने घरेलू विवाद सुलझाने आए अपने ससुर और साले को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात बुधवार देर रात शादीहरी गांव में हुई। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान पटियाला जिले के बसी रसोली निवासी लखबीर सिंह (ससुर) और उनके बेटे जगसीर सिंह (साला) के रूप में हुई है। आरोपी दामाद गुरविंदर सिंह है, जो संगरूर के शादीहरी गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि गुरविंदर सिंह की शादी लखबीर सिंह की बेटी वीरपाल कौर से हुई थी, और पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू झगड़े होते रहते थे। इसी विवाद को सुलझाने के लिए बुधवार रात लखबीर सिंह और जगसीर सिंह गुरविंदर सिंह के घर आए थे। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि गुरविंदर सिंह ने तैश में आकर अपने ससुर और साले पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल दोनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही दिड़बा थाने के तहत आने वाली चौकी कौहरियां की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और फरार आरोपी गुरविंदर सिंह की तलाश में छापेमारी कर रही है। सतीश मोरे/30अप्रैल ---