राष्ट्रीय
30-Apr-2026


मुठभेड़ में एक आरोपी घायल -गाड़ी टच होने को लेकर हुए विवाद के बाद बदमाशों ने दागीं गोली सीवान,(ईएमएस)। बिहार के सीवान में बीजेपी नेता मनोज कुमार सिंह के रिश्तेदारों पर हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी को गोली लग गई। घायल बदमाश छोटू कुमार को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। बता दें बिहार में पिछले 24 घंटे में ये दूसरा एनकाउटर है। इससे पहले बुधवार को सुल्तानगंज में कुख्यात अपराधी रामधनी यादव को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था। रामधनी ने दिनदहाड़े नगर परिषद ऑफिस में एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कृष्णा भूषण की हत्या कर दी थी1 बता दें यह घटना नगर थाना क्षेत्र के रामनगर ढाला के पास हुई थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी टच होने को लेकर हुए विवाद के बाद बदमाशों ने गोली चला दी। इस हमले में बीजेपी नेता के बहनोई चंदन सिंह और उनके भांजे हर्ष सिंह को गोली लगी। जहां इलाज के दौरान हर्ष की मौत हो गई, जबकि चंदन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों में गुस्सा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व एमएलसी और बीजेपी नेता मनोज कुमार सिंह के रिश्तेदारों पर हुई इस हमले ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। इस हत्याकांड के बाद तिलक समारोह की खुशी मातम में बदल गई। वहीं, घटना के बाद रामनगर ढाला इलाके में दहशत का माहौल है। हत्या की सूचना पर एसपी और एसडीपीओ समेत बिहार के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है सिराज/ईएमएस 30अप्रैल26