राष्ट्रीय
30-Apr-2026
...


एफडीए टीम बाजार में लगातार कर रही छापेमार कार्रवाई, नहीं मिल रहा तरबूज मुंबई,(ईएमएस)। दक्षिण मुंबई के पाइधोनी इलाके में बाजार से तरबूज पूरी तरह से गायब हो गया। इस इलाके में हाल ही में बिरयानी के साथ तरबूज खाने से एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद जांच के लिए पाइधोनी इलाके में खाद्य एवं औषधि प्रशासन टीम पहुंची थी। इस मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब एफडीए की टीम बाजार में जांच करने पहुंची लेकिन उसे इलाके में एक भी तरबूज बेचने वाला नहीं मिला और न ही किसी फल की दुकान पर तरबूज देखने को मिला। बता दें 27 अप्रैल को अब्दुल्लाह डोकड़िया (40), उनकी पत्नी नसीम (35) और बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) ने तरबूज और बिरयानी खाने के बाद उल्टी और बेहोशी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चारों की कुछ ही घंटों में मौत हो गई। एफडीए अब लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, लेकिन डर है कि बाजार में तरबूज बेचने वाले सभी विक्रेता अचानक गायब हो गए हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। इस घटना के बाद तरबूज को लेकर डर का आलम ऐसा था कि जब रविवार शाम 7 बजे एफडीए की टीम पाइधोनी बाजार पहुंची, तब तक इलाके से तरबूज पूरी तरह गायब हो चुका था। बाजार में एक भी फल विक्रेता के पास तरबूज नहीं मिला। उसके बाद सोमवार, मंगलवार और बुधवार को भी टीमें लगातार बाजार में छापेमारी करती रहीं कि किसी के पास तरबूज मिले लेकिन वहां एक भी विक्रेता या तरबूज नहीं मिला। एक एफडीए अधिकारी ने कहा कि यह बहुत अजीब मामला है। हमने पहले कभी ऐसा नहीं देखा। हमने पिछले रिकॉर्ड्स भी चेक किए, लेकिन तरबूज या तरबूज-बिरयानी से जुड़ा कोई फूड पॉइजनिंग का केस नहीं मिला। अधिकारियों ने कहा कि इलाके में तरबूज विक्रेता का पता न चल पाने से जांच की एक अहम दिशा रुक गई है। अगर तरबूज बाजार से खरीदा गया था, तो हो सकता है कि इसे अन्य लोगों ने भी खाया हो लेकिन अब तक ऐसा कोई और केस सामने नहीं आया है। परिवार के रिश्तेदारों से पूछताछ भी की गई लेकिन पता नहीं चल सका कि तरबूज आखिर कहां से खरीदा या लाया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक जांच के बीच एफडीए ने मृतक परिवार के घर से 11 सैंपल जमा किए हैं, जिनमें फ्रिज से बचा हुआ तरबूज और बिरयानी, बर्तनों से निकाला गया पुलाव, फ्रीजर से कच्चा चिकन, मसाले, चावल, आधा खाया हुआ खजूर, गिलासों में रखा पानी और मिट्टी का घड़ा शामिल है। फिलहाल लैब रिपोर्ट आने में देरी के चलते जांच आगे बढ़ने में दिक्कत आ रही है। हालांकि एफडीए अब लैब रिजल्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत की असली वजह का पता चल सके। सिराज/ईएमएस 30अप्रैल26