मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में फायरिंग की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यह घटना माकडवाला कंपाउंड में हुई, जहां पुराने विवाद का बदला लेने के लिए एक स्थानीय गुंडे पर गोलीबारी की गई। मिली जानकारी के अनुसार, ‘बाबा’ नाम के एक स्थानीय बदमाश पर अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हमला पुराने गोलीकांड का बदला लेने के लिए किया गया। इस हमले में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वी.बी. नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। घायल को तुरंत इलाज के लिए कुर्ला के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों को तैनात किया है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। - ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस