क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। पड़ोसी जिले शिवपुरी के बदरवास कस्बे में एक सुनार द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संदीप सोनी, पिता जगदीश सोनी के रूप में हुई है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार संदीप सोनी की ज्वेलर्स की दुकान है और वह अपने घर पर थे, तभी उन्होंने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत बदरवास अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई सत्यम सोनी ने बताया कि वह दुकान पर बैठे थे, तभी उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि बैग में रखी रकम के गायब होने की जानकारी उन्हें नहीं है, हालांकि क्षेत्र में 8 से 10 लाख रुपए के बैग के गायब होने की चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। इस संबंध में सीएसपी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि गोली मारकर आत्महत्या का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। - सीताराम नाटानी