- तिलवारा पर भीषण हादसा : महिला बाईक से उछलकर नीचे नदी में गिरी, पति ने पुल पर ही दम तोडा, मासूम बच्चे को हल्की खरोंच जबलपुर (ईएमएस)। बीती देर रात जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर के एक छोर पर स्थित तिलवारा पुल पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दम्पति को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में जहां पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उनका मासूम बेटा मामूली घायल हुआ। यह भिडंत इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक पर सवार पति जहां पुल पर ही छिटककर काल के गाल में समा गया तो वहीं उसकी पत्नी वाहन से उछलकर सीधे 50 फुट नीचे नर्मदा में गिरकर दम तोड बैठी। अबोध एक वर्ष का बच्चा पुल पर ही सडक किनारे मिला जिसे मामूली खरोंच ही आयी थी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा तथा मुआयना बाद शवों को पीएम के लिए रवाना कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई। आज गमगीन माहौल में दोनों पति पत्नी का अंतिम संस्कार किया गया। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम औरिया थाना माढोताल निवासी 30 वर्षीय नारायण उर्फ बंटी केवट कल बुधवार को दोपहर अपनी पत्नी 28 वर्षीय शालिनी केवट को लेने उसके मायके बरगी थानांतर्गत दलपतपुर गया था। वहां से देर रात लगभग 11 बजे पति पत्नी अपने एक साल के बच्चे सहित बाइक से वापस जबलपुर माढाताल औरिया स्थित निवास को आ रहे थे । बताया जाता है कि जैसे ही दम्पति तिलवाराघाट पुल पर पहुंचे कि इसी दौरान एक तेज गति से आ रही पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर नारायण की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक में पीछे बैठी शालिनी उछलकर सीधे पुल से नीचे नदी में गिरी और नारायण वहीं पुल पर ही गिर गया। उनका मासूम बेटा सडक के किनारे ही गिरा। इस हादसे में पति पत्नी दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले पीएम पश्चात उनके परिजनों के सुपुर्द किए जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं अबोध बच्चे को फिलहाल उपचार दिया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने घटना स्थल से कुछ दूरी तर ही पिकअप वाहन बरामद कर लिया है जबकि आरोपी वाहन चालक की तलाश जारी है। - 30 अप्रैल 2026/ 03.13